एक करोड़ 20 लाख की हेरोइन बरामद, मथुरा में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार — अब जड़ तक पहुँचना जरूरी

निर्भय यादव ब्यूरो मथुरा

 

मथुरा। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच मंगलवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। आगरा एंटी नारकोटिक्स टास्क टीम और नौहझील पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यमुना एक्सप्रेसवे से एक कार से 621 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से पांच लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद हुई है।

 

थाना नौहझील प्रभारी सोनू कुमार के अनुसार, आगरा एंटी नारकोटिक्स टास्क टीम को मिली सूचना के आधार पर यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 64 के पास मंगलवार शाम करीब छह बजे आगरा की ओर जा रही एक हुंडई औरा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 621 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार चालक नितेश, निवासी ट्रांस यमुना कॉलोनी आगरा, को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह हेरोइन अपने एक साथी के माध्यम से लेकर आगरा जा रहा था, जहां इसे होटलों में सप्लाई किया जाना था। उसने यह भी स्वीकार किया कि इसी खेप में से करीब 400 ग्राम हेरोइन नोएडा में पहले ही पांच लाख रुपये में बेच दी गई थी। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी सनी के साथ मिलकर लंबे समय से आगरा के होटलों में नशे की सप्लाई करता रहा है। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में जुट गई है।

 

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, लेकिन जड़ तक पहुँचना जरूरी

 

पिछले कुछ दिनों से मथुरा में नशे के छोटे-छोटे कारोबारी लगातार पुलिस के हत्थे चढ़ रहे थे, लेकिन इस कार्रवाई में पकड़ी गई एक करोड़ से अधिक कीमत की हेरोइन यह संकेत देती है कि जिले में नशे का नेटवर्क कहीं अधिक गहरा हो सकता है।

 

ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान वाले मथुरा जैसे शहर में इस तरह का कारोबार चिंता का विषय है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस नेटवर्क की जड़ तक पहुँचकर सप्लाई चेन को तोड़ा जाए तो बड़े स्तर पर नशे के कारोबार को रोका जा सकता है।

 

व्यापक अभियान की जरूरत

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को अब केवल छोटी-छोटी गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर संगठित अभियान चलाना चाहिए। एक्सप्रेसवे, होटल, गेस्ट हाउस और शहर के संवेदनशील इलाकों में सख्त निगरानी, लगातार छापेमारी और खुफिया नेटवर्क को मजबूत कर ही नशे के कारोबार पर निर्णायक प्रहार किया जा सकता है।

 

मथुरा जैसे धार्मिक नगर में यदि नशे के सौदागरों पर कठोर कार्रवाई लगातार जारी रही तो न केवल युवाओं को इस जाल से बचाया जा सकेगा बल्कि तस्करों में भी कड़ा संदेश जाएगा कि ब्रजभूमि में नशे के कारोबार की कोई जगह नहीं है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

क्या शाहाबाद में महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना की जरूरत है?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129