मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

मृदुल कुमार कुलश्रेष्ठ सिटी रिपोर्टर मैनपुरी

मैनपुरी 17 मार्च, मैनपुरी जिले में एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पति-पत्नी को अपनी चपेट में ले लिया। किशनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैनपुरी-किशनी मार्ग पर गांव डांडेहार के सामने मंगलवार सुबह हुए इस हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान इटावा जनपद के भरथना क्षेत्र स्थित नगरिया सरावा गांव के निवासी 50 वर्षीय ध्रुव सिंह चौहान और उनकी 45 वर्षीया पत्नी संतोषी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह दंपती मूल रूप से गुजरात के सूरत में रहकर साड़ी प्रिंटिंग का व्यवसाय करते थे। करीब दो माह पहले ही वे अपने पैतृक गांव में नया मकान बनवाने के लिए आए थे। हादसा उस वक्त हुआ जब वे अपनी बहन से मिलने के लिए एटा के अलीगंज जा रहे थे।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और वहां से गुजर रहे एक अन्य डंपर को भी रोक लिया। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़ गए कि परिजनों के आने से पहले शवों को उठने नहीं दिया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा, जहाँ जाम खुलवाने के दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद करीब एक घंटे बाद पुलिस ने यातायात सुचारू करवाया।

इस दुखद घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। ध्रुव और संतोषी के पीछे उनकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं, जो फिलहाल सूरत में ही थे। माता-पिता की मौत की खबर मिलते ही बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे सूरत से अपने गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और डंपर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now
               
हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
डाउनलोड करें

जवाब जरूर दे 

क्या शाहाबाद में महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना की जरूरत है?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129